Blog

TET की अनिवार्यता खत्म करने समेत मांगों को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन, रैली निकाल एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

कवर्धा। शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शनिवार को कवर्धा ब्लॉक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की गई। ब्लॉक अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह चंद्रवंशी के नेतृत्व में आयोजित आंदोलन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने शासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान TET की अनिवार्यता समाप्त करने, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करने और VSP ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने समेत विभिन्न मांगें उठाई गईं।

सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से अपनी समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने रखते आ रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने शिक्षकों की लंबित मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की।

ब्लॉक अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि शिक्षक अपने अधिकारों और न्यायोचित मांगों को लेकर एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने शहर में रैली निकाली। रैली के दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और एसडीएम कवर्धा को ज्ञापन सौंपकर शासन स्तर पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।

आंदोलन में जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह चंद्रवंशी, कार्यकारी जिला अध्यक्ष केशलाल साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों में अपनी मांगों को लेकर एकजुटता और आक्रोश दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button