Blog

होली पर शराब बिक्री की अनुमति के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री व गृहमंत्री का पुतला दहन


कवर्धा। हिंदुओं के पवित्र पर्व होली के दिन शराब बिक्री की अनुमति दिए जाने के राज्य सरकार के फैसले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम ने तीखा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने इसे आस्था, परंपरा और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि होली जैसे सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक उत्सव के दिन शराब बिक्री की अनुमति देना समाज में अशांति और अव्यवस्था को बढ़ावा देने वाला कदम है। उनका आरोप है कि कवर्धा जिले में पहले से ही कानून व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं है, और ऐसे में यह फैसला हालात को और बिगाड़ सकता है।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि सरकार राजस्व के लालच में सामाजिक मूल्यों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके उलट निर्णय लेकर आम जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ज्ञात हो कि इस मुद्दे को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button