लालपुर रोड हत्या कांड 60 दिन बीत जाने के बाद कातिल अब तक फरार, पुलिस ने जनता के भरोसे छोड़ी तलाश 10 हजार इनाम पर उठे सवाल।


कवर्धा, कवर्धा शहर के लालपुर रोड में कुछ दिन पहले हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। मामले में प्रगति नहीं होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा आरोपी की जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है। इस घोषणा के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार लालपुर रोड क्षेत्र में 27 वर्षीय सत्यम दास मानिकपुरी की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना कवर्धा में हत्या का मामला दर्ज किया गया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
अब पुलिस ने उद्घोषणा जारी कर कहा है कि जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में जानकारी देगा या गिरफ्तारी में मदद करेगा, उसे 10 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा।
हालांकि इस कदम को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि अपराधियों को पकड़ना पुलिस की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जब आरोपी का पता नहीं चल पाया तो अब उसकी तलाश जनता के भरोसे छोड़ दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर शुरुआत से ही मामले की गंभीरता से जांच होती और संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की जाती, तो शायद आरोपी अब तक गिरफ्तार हो चुका होता। ऐसे में अब इनाम की घोषणा को कई लोग पुलिस की नाकामी छिपाने की कोशिश भी मान रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी हो तो वह थाना कवर्धा या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे सकता है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि लालपुर रोड जैसे व्यस्त इलाके में हुई हत्या के बाद भी आरोपी फरार कैसे है और पुलिस कब तक उसे गिरफ्तार कर पाएगी?




