Blog

जनपद पंचायत बोड़ला में लापरवाही उजागर, 11 बजे तक कार्यालय बंद, कर्मचारी नदारद


कवर्धा,जनपद पंचायत बोड़ला में सोमवार को प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई, जब सुबह लगभग 11 बजे तक भी कार्यालय के कक्षों पर ताला लटका मिला और कोई भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं था। इस दौरान अपने आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, निर्धारित समय के बाद भी कार्यालय नहीं खुलने से लोगों में आक्रोश देखने को मिला। कई ग्रामीण दूर-दराज के क्षेत्रों से आए थे, जिन्हें समय पर काम न होने के कारण निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कार्यालय परिसर में सन्नाटा पसरा रहा और जिम्मेदार कर्मचारी कहीं नजर नहीं आए।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि अक्सर कर्मचारी देर से पहुंचते हैं या बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं, जिससे जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
इस तरह की लापरवाही से शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button