मनरेगा कार्य में खुली मनमानी शनि मंदिर के सामने तालाब में रिटर्निंग वाल निर्माण पर उठे गंभीर सवाल
18 लाख के निर्माण में जेसीबी से खुदाई, घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप बिना इंजीनियर उप सरपंच करा रहे कार्य

कवर्धा: जनपद पंचायत कवर्धा अंतर्गत ग्राम पंचायत पालीगुड़ा के परसवारा में शनि मंदिर के सामने तालाब में बनाए जा रहे रिटर्निंग वाल निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और मनमानी के आरोप सामने आए हैं। यह निर्माण कार्य करीब 18 लाख लगभग रुपये की लागत से महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस कार्य में सरकारी नियमों को दरकिनार कर निर्माण कराया जा रहा है। मनरेगा योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन यहां श्रमिकों के बजाय जेसीबी मशीन से खुदाई कराई जा रही है, जिससे योजना की मंशा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इतना ही नहीं, निर्माण कार्य में 10 एमएम गिट्टी के साथ डस्ट मिलाकर घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने की भी शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह से काम किया गया तो रिटर्निंग वाल की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर असर पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि यह पूरा निर्माण कार्य बिना किसी इंजीनियर की निगरानी के उप सरपंच द्वारा मनमानी तरीके से कराया जा रहा है। इससे सरकारी राशि के दुरुपयोग और गुणवत्ता में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस कार्य की तकनीकी जांच और प्रशासनिक जांच नहीं कराई गई, तो लाखों रुपये की सरकारी राशि का नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत और जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच करता है या फिर यह मामला भी कागजों में ही दब कर रह जाएगा।




