कबीरधाम में पत्रकार एकजुट, प्रेस क्लब गठन से संगठनात्मक मजबूती की पहल

कबीरधाम। जिले में पत्रकारों की एकजुटता और अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से प्रेस क्लब का गठन किया गया। इस पहल को स्थानीय पत्रकारों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नवगठित संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के हितों की रक्षा, आपसी समन्वय बढ़ाना और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता को सशक्त करना बताया गया।
प्रेस क्लब के प्रथम जिलाध्यक्ष के रूप में सूर्या चंद्रवंशी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही कार्यकारिणी में महासचिव अविनाश ठाकुर, उपाध्यक्ष संतोष भारद्वाज, सचिव प्रदीप गुप्ता और कोषाध्यक्ष शैलू उपाध्याय को दायित्व दिया गया है।
गठन के बाद पदाधिकारियों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर पत्रकार सुरक्षा, मान्यता प्रक्रिया और स्थानीय स्तर पर संवाद व्यवस्था को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। बताया गया कि बैठक में पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण शिविर, कानूनी सहायता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर भी विचार हुआ।
वरिष्ठ पत्रकारों और संरक्षक मंडल के सदस्यों की उपस्थिति में संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रेस क्लब जिले में पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाने का मंच बनेगा।
बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे और सभी ने संगठन को निष्पक्ष एवं सक्रिय बनाए रखने का संकल्प लिया




