Blog

भाजपा सरकार के बजट में फिर ठगे गए प्रदेशवासी और बेरोजगार युवा: चोवाराम साहू


कवर्धा। प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत हालिया बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के युवा नेता एवं पूर्व मंडी उपाध्यक्ष चोवाराम साहू ने कहा कि यह बजट आम जनता, किसानों और बेरोजगार युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर बड़े-बड़े वादे कर प्रदेशवासियों को ठगने का काम किया है।
चोवाराम साहू ने कहा कि लंबे समय से बहुप्रतीक्षित डोंगरगढ़–कवर्धा–उस्लापुर रेल लाइन परियोजना को इस बार भी बजट में प्राथमिकता नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और व्यापारिक गतिविधियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन सरकार ने इसे फिर हाशिए पर डाल दिया। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार बेरोजगार युवाओं के हित में योजनाएं चलाने का दावा तो करती है, लेकिन बजट में बेरोजगारी भत्ता योजना को लेकर कोई स्पष्ट प्रावधान या नई घोषणा नहीं की गई। इससे प्रदेश के लाखों शिक्षित बेरोजगार युवाओं में असंतोष व्याप्त है। युवाओं को उम्मीद थी कि रोजगार सृजन और आर्थिक सहायता को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे, लेकिन बजट में ऐसी कोई प्रभावी पहल नजर नहीं आती।
चोवाराम साहू ने आरोप लगाया कि यह बजट जमीनी समस्याओं से कटे हुए वादों का पुलिंदा मात्र है। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं, छोटे व्यापारियों और आम जनता के लिए ठोस राहत और विकास की स्पष्ट दिशा दिखाई नहीं देती।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द ही प्रदेशवासियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button