शिकायत के बाद भी नहीं जागी पुलिस: भोरमदेव थाना क्षेत्र में धमकियों के साये में जी रहा परिवार


कबीरधाम। जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भालूचुआ में जमीन विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है, जहां एक पीड़ित परिवार लगातार जान से मारने की धमकियों के बीच जीने को मजबूर है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस की कार्रवाई न के बराबर नजर आ रही है।
पीड़ित द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग उसके निजी खेत में जबरन घुसकर गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। 7 अप्रैल, 9 अप्रैल और 11 अप्रैल 2026 को लगातार तीन बार ऐसी घटनाएं होने के बाद भी भोरमदेव थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों द्वारा पहले भी मारपीट की घटना की जा चुकी है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस केवल समझाइश देकर मामले को टाल रही है, जिससे आरोपियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। परिवार के बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चे लगातार भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि भोरमदेव थाना पुलिस आखिर कब कार्रवाई करेगी? क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा?
पीड़ित ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता देते हैं।




