दान के नाम पर सराफा दुकान में ठगी, 4 तोला सोना लेकर फरार दो नकाबपोशों ने दुकानदार छोटे लाल को बातों में उलझाया, घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी


कवर्धा। शहर की सराफा लाइन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित श्री शिव ज्वेलर्स में दो नकाबपोश व्यक्तियों ने कथित तौर पर दुकानदार छोटे लाल को बजरंगबली मंदिर में दान करने के नाम पर बरगलाया और करीब 4 तोला सोना लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि दोनों नकाबपोश दुकान पर पहुंचे और सामने स्थित बजरंगबली मंदिर में दान करने की बात कहकर दुकानदार छोटे लाल से बातचीत करने लगे। इसी दौरान दुकानदार को बातों में उलझाकर आरोपियों ने कथित रूप से करीब 4 तोला सोना हासिल कर लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद सराफा लाइन में हड़कंप मच गया। दुकानदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोनों संदिग्धों की पहचान हो सके।
सराफा लाइन की सुरक्षा पर सवाल
शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र सराफा लाइन में इस तरह की घटना सामने आने से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। व्यस्त बाजार में नकाबपोश आरोपियों द्वारा दुकानदार को कथित तौर पर बातों में उलझाकर सोना लेकर फरार हो जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही पूरी घटना का खुलासा हो सकेगा।



