नगर पालिका की घोर लापरवाही वार्ड क्रमांक 6 में नाली जाम, जनता बेहाल पार्षद की चुप्पी सवालों के घेरे में


कवर्धा। नगर पालिका कवर्धा के वार्ड क्रमांक 6 में नाली जाम होने से हालात गंभीर बने हुए हैं। नाली में लंबे समय से कचरा, प्लास्टिक और गंदा पानी जमा है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका एवं संबंधित पार्षद को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्वच्छता अभियान की वास्तविक स्थिति उजागर हो रही है। नागरिकों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय ही सक्रिय नजर आते हैं, जबकि जनता की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या नगर पालिका कवर्धा किसी बड़ी बीमारी या दुर्घटना का इंतजार कर रही है?
यदि शीघ्र नाली की सफाई नहीं कराई गई, तो वार्ड वासियों में आक्रोश बढ़ना तय है, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और संबंधित पार्षद की होगी।




