शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने पंडरिया विधायक भावना बोहरा से की मुलाकात, शिक्षक संवर्ग की मांगों पर हुई सार्थक चर्चा

कवर्धा/पंडरिया। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक संवर्ग की विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण एवं मांगों की पूर्ति को लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा को ज्ञापन सौंपकर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से सेवारत शिक्षक संवर्ग के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त करने, पूर्व सेवा की गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से करते हुए पुरानी पेंशन सहित समस्त लाभ प्रदान करने, वेतन विसंगति दूर करने, शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियमों से संबंधित समस्याओं का निराकरण करने तथा शिक्षक संवर्ग को ब्रिज कोर्स के माध्यम से B.Ed. प्रशिक्षित किए जाने सहित विभिन्न मांगों को विधायक महोदया के समक्ष रखा।
चर्चा के दौरान पदोन्नति के संबंध में विधायक भावना बोहरा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी वरिष्ठ शिक्षक को हानि नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर शिक्षकों की मांगों को उनके समक्ष रखेंगी तथा इस संबंध में पत्राचार भी करेंगी।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक महोदया द्वारा शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुनने एवं सकारात्मक पहल का आश्वासन देने पर आभार व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर शीघ्र ही शिक्षक संवर्ग की लंबित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के संभागीय संयोजक विनोद गुप्ता, प्रांतीय उप-संयोजक सोहन यादव, जिला संयोजक कबीरधाम धनुक वर्मा, शत्रुहन ध्रुवे, देवराज सिंह उईके प्राचार्य, मुरली शरण बघेल, छोटे लाल पाटील, संतोष मंडावी, लतीफ हुसैन, जोहन पुनाचा, रामबिलास गजराज, केशव पाली, श्यामसुन्दर शर्मा, संतोषी गुप्ता, जुनेश्वर पाटिल, बोधन वर्मा, बलियार सिंह उईके, गौतर राडेकर, अनिल यादव, रेखलाल साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।




