जिला प्रेस क्लब में नई कार्यकारिणी का गठन, यशवंत सिंह ठाकुर बने अध्यक्ष
कवर्धा। जिला प्रेस क्लब कवर्धा (पंजीयन क्रमांक 14548) की आमसभा में संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। आमसभा में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए अध्यक्ष प्रकाश वर्मा एवं कोषाध्यक्ष डी.एन. योगी को पदमुक्त कर नई कार्यकारिणी का गठन किया।
सदस्यों ने आरोप लगाया कि पूर्व अध्यक्ष प्रकाश वर्मा एवं कोषाध्यक्ष डी.एन. योगी के कार्यकाल में संगठन का संचालन मनमाने तरीके से किया गया तथा आर्थिक मामलों में पारदर्शिता नहीं रखी गई। आमसभा में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से वित्तीय अनियमितताओं, संगठन की गतिविधियों में पारदर्शिता की कमी तथा सदस्यों की उपेक्षा को लेकर असंतोष बना हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए सर्वसम्मति से दोनों पदाधिकारियों को उनके पदों से मुक्त करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिला प्रेस क्लब की पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल 7 जून 2026 को समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद समय पर निर्वाचन प्रक्रिया नहीं कराई गई। इस पर सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए आमसभा बुलाकर नई प्रबंधकारिणी के गठन का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन
नई कार्यकारिणी में यशवंत सिंह ठाकुर को अध्यक्ष, विजय धृतलहरे को सचिव तथा श्याम टंडन को कोषाध्यक्ष चुना गया।
अन्य पदाधिकारियों में बसंत नामदेव, इमरान खान एवं बृजभूषण गुप्ता को उपाध्यक्ष, सत्येंद्र बडघरे को सहसचिव, देवेंद्र चंद्रवंशी को कार्यकारी अध्यक्ष तथा आदिल खान को कार्यकारी उपाध्यक्ष बनाया गया।
प्रबंध कार्यकारी सदस्य के रूप में सूर्या गुप्ता, मुकेश माहिले, पदमराज जायसवाल, रामावतार साहू, विकास सोनी, पवन तिवारी एवं जीवन साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं अमिताभ नामदेव एवं मानिकदास मानिकपुरी को संरक्षक बनाया गया।
वित्तीय जांच की मांग दोहराई
आमसभा में सदस्यों ने जिला प्रेस भवन के कॉम्प्लेक्स एवं हॉल से प्राप्त किराया राशि, संगठन की आय-व्यय तथा पूर्व कार्यकारिणी के कार्यकाल में हुए वित्तीय लेन-देन की निष्पक्ष जांच की मांग भी दोहराई। सदस्यों का कहना था कि संगठन की संपत्तियों एवं आय के उपयोग की जानकारी सभी सदस्यों के समक्ष सार्वजनिक की जानी चाहिए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि नई कार्यकारिणी संगठन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य करेगी तथा जिला प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन के हित में काम करेगी।
इस अवसर पर नीरज शर्मा, फिरोज खान, लव कुमार योगी, ऋषिकांत कुंभकार, मुकेश अवस्थी, आशु चंद्रवंशी, हिमांशु ठाकुर, अभिषेक धृतलहरे, जितेंद्र धृतलहरे, अनवर खान, जयप्रकाश बारले, जयप्रकाश पोर्ते, रोशन बघेल , रूपेश चंद्रवंशी, अशोक मानिकपुरी, अशोक निर्मलकर,जलेश साहू, अमरजीत सिंह, दीपक माग्रे, पदमराज सिंह ठाकुर, राजू चंद्रवंशी, सुनील नामदेव, राकेश साहू, मो. वाजिद, रामकुमार टंडन, बलराम चंद्रवंशी, सुरेश गुप्ता, सोनू गुम्बर सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।




