छत के रास्ते घर में घुसा 19 वर्षीय युवक, 11.53 लाख नकद बरामद

कवर्धा। सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से 12.50 लाख रुपये चोरी होने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतासाजी के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच उनके घर से 12.50 लाख रुपये चोरी हो गए। घटना के समय परिवार के लोगों ने गमछे से चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से निकलते देखा था। जांच के दौरान पुलिस को शराब की शीशी, कुएं से मिला पर्स और गली में पड़ा खाली बैग भी मिला।
जांच में पुलिस को पता चला कि गांव में गणेश चतुर्थी के कार्यक्रम के दौरान लोगों की आवाजाही कम होने का फायदा उठाकर 19 वर्षीय कमलेश पटेल ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक कमलेश अपने पुराने मकान में गया और अंधेरा होने का इंतजार करने के बाद छत के रास्ते पड़ोसी हीरालाल साहू के मकान में दाखिल हुआ। कमरे की आलमारी से लॉकर खोलकर उसने नकदी और पर्स निकाल लिया तथा रकम को अपने पुराने मकान में ले जाकर छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार चोरी की जानकारी अगले दिन कमलेश ने अपने पिता भागवत पटेल को दी। इसके बाद चोरी की रकम को पुराने मकान से निकालकर अलग-अलग स्थानों पर रखा गया। पूछताछ में रकम को खेत के बोर के कमरे में रखने और बाद में घर की आलमारी में रखने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 11.53 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि चोरी की रकम में से कुछ राशि खर्च भी की गई। पुलिस के मुताबिक कमलेश ने करीब 47 हजार रुपये खाने-पीने आदि में खर्च किए, जबकि उसके पिता द्वारा करीब 50 हजार रुपये वाहन एवं पार्ट्स में खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार मैदानी पतासाजी के बाद पुलिस ने 29 सितंबर को कमलेश पटेल और भागवत पटेल को उनके मकान से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर सहित दोनों थानों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



