Blog

जमीन रजिस्ट्री के नाम पर फर्जी चेक से लाखों की धोखाधड़ी, तीन आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम। जमीन की रजिस्ट्री के दौरान फर्जी चेक के जरिए लाखों रुपये का भुगतान दर्शाकर धोखाधड़ी करने के मामले में दामापुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दस्तावेजी एवं बैंक संबंधी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम गिरधारीकापा निवासी मनकी राम भास्कर ने 14 सितंबर 2026 को चौकी दामापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी भूमि की रजिस्ट्री के लिए आरोपियों द्वारा बैंक चेक के माध्यम से राशि का भुगतान दर्शाया गया था। प्रकरण में खसरा नंबर 29/9, रकबा 0.6150 हेक्टेयर भूमि के लिए 12 लाख 30 हजार रुपये तथा खसरा नंबर 51/05 एवं 52/01 की भूमि के लिए 10 लाख 30 हजार रुपये के आईडीएफसी बैंक के चेक प्रस्तुत किए गए थे।
शिकायत के बाद थाना कुण्डा में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने जमीन और रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज जब्त किए। साथ ही संबंधित बैंक खातों और चेकों की जानकारी बैंक से प्राप्त की गई। उप पंजीयक कार्यालय पंडरिया से रजिस्ट्री संबंधी अभिलेख भी हासिल कर उनका परीक्षण किया गया।
पुलिस के अनुसार जांच में उपलब्ध दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद करन कुमार टण्डन, किशन कुमार टण्डन और बलीराम टण्डन, सभी निवासी ग्राम गिरधारीकापा, चौकी दामापुर, थाना कुण्डा को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को 29 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में बैंक अभिलेख, रजिस्ट्री दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण जारी है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक रोसन लाल टोंडरे सहित आरक्षक हेमंत चंद्रवंशी, दिलीप लहरे, फागू एवं अजय पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button