तेज आवाज वाले बुलेट साइलेंसरों पर यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी का बड़ा एक्शन, 25 वाहनों से उतरवाए अवैध साइलेंसर

अस्पतालों के मरीजों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को शोर से राहत दिलाने यातायात पुलिस की सख्ती, नियम तोड़ने वालों को आखिरी चेतावनी।
कवर्धा। शहर की सड़कों पर तेज आवाज और पटाखों जैसी धमक पैदा करने वाले मॉडिफाई साइलेंसरों के खिलाफ कबीरधाम यातायात पुलिस ने जिस तत्परता और सख्ती के साथ कार्रवाई की है, वह सराहनीय पहल है। आम नागरिकों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए यातायात प्रभारी उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 25 बुलेट मोटरसाइकिलों से अवैध मॉडिफाई साइलेंसर निकलवाए।
अक्सर सड़क पर दौड़ती ऐसी बुलेट मोटरसाइकिलों की तेज आवाज से अस्पतालों में उपचार करा रहे मरीजों, स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कुछ वाहन चालक शौक और दिखावे के नाम पर शहर की शांति भंग कर रहे थे। ऐसे में यातायात पुलिस की यह कार्रवाई केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं, बल्कि आम नागरिकों को शोर के आतंक से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देशन में यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी ने अपनी टीम के साथ मैदान में उतरकर कार्रवाई को अंजाम दिया। 25 वाहनों से अवैध साइलेंसर निकलवाकर वाहन चालकों को भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की अंतिम चेतावनी भी दी गई।
इस कार्रवाई में यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी की सक्रियता और जनहित के प्रति जवाबदेही साफ नजर आई। खास बात यह है कि पुलिस ने उन लोगों की परेशानी को प्राथमिकता दी, जिनकी आवाज अक्सर शोर-शराबे में दबकर रह जाती है। शहर की सड़कों पर नियमों का पालन सुनिश्चित करना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांत वातावरण देना यातायात पुलिस की जिम्मेदारी है, जिसे इस अभियान के जरिए प्रभावी ढंग से निभाने का प्रयास किया गया है।
अब जरूरत है निरंतर कार्रवाई की। केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और सख्ती से ही ऐसे वाहन चालकों पर अंकुश लगाया जा सकता है। यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी की इस पहल से आम नागरिकों में सकारात्मक संदेश गया है कि सड़क किसी के शौक और दिखावे का मंच नहीं, बल्कि सभी की साझा जगह है। कबीरधाम यातायात पुलिस की यह कार्रवाई निश्चित रूप से जनहित में एक सराहनीय कदम है।



