छोटे-छोटे हाथों में बड़े सपनों की उड़ान, किसी ने बनाई चाट तो किसी ने सजाया स्टॉल, दनिया खुर्द के बाल मेले में बच्चों ने हुनर और प्रतिभा से जीता सबका दिल

सहसपुर लोहारा। शासकीय हाई स्कूल दनिया खुर्द में गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यावसायिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के तिलक एवं स्वागत के साथ हुआ। छात्राओं ने तिलक लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात अतिथियों ने मेले में लगाए गए सभी स्टॉलों का अवलोकन किया।
बच्चों ने लगाए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल
बाल मेले में विद्यार्थियों ने पानी-पूरी, पकौड़ी, चाट सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्वयं व्यंजन तैयार कर उन्हें आकर्षक ढंग से सजाया और अतिथियों को परोसा। ग्रामीणों एवं पालकों ने व्यंजनों का स्वाद चखकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य निशाकुंवर दिवाकर ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों में आत्मनिर्भरता, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के जनपद सदस्य दिनेश विश्वकर्मा ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में इस तरह के आयोजन बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनपद पंचायत की ओर से विद्यालय के अच्छे कार्यों में पूरा सहयोग मिलता रहेगा।
प्रधान पाठक भुनेश्वर दास वैष्णव ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे व्यावहारिक आयोजन बच्चों को जीवन की महत्वपूर्ण सीख देते हैं। बच्चों ने साबित कर दिया कि वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने में सक्षम हैं।
वरिष्ठ व्याख्याता मनहरण लाल तुर्केले ने प्रेरणादायक उद्बोधन देते हुए कहा कि बाल मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों की उड़ान है। आज लगाया गया छोटा सा स्टॉल भविष्य में बड़ा व्यवसायी, अधिकारी और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दे सकता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत, ईमानदारी और संस्कार के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उनके उद्बोधन पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
प्राथमिक शाला दनिया खुर्द के SMC अध्यक्ष ब्रह्मा पटेल ने कहा कि शिक्षा ही गांव की सबसे बड़ी ताकत है। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, गुरुजनों का सम्मान करने और माता-पिता का नाम रोशन करने की सीख दी। साथ ही पालकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।
शासकीय हाई स्कूल दनिया खुर्द के SMDC अध्यक्ष रामचन्द्र साहू ने विद्यालय के विकास एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारी, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन, स्वच्छता, खेल मैदान, पुस्तकालय और बच्चों की सुविधाओं के विकास के लिए SMDC, पालक एवं ग्रामवासी मिलकर प्रयास करेंगे। बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों में कला, व्यवहार, व्यवसाय और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में शिक्षक वानिकी ठाकुर, कविता राजपूत, योगेश साहू सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। इसके अलावा पारस राजपूत, कोमल राजपूत, शिवकुमार पटेल, पंचराम, हरमू पटेल, समस्त पालक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, पालकों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बाल मेले ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और व्यावहारिक ज्ञान सीखने का बेहतर अवसर प्रदान किया।




