Blog

500 मीटर की सीसी रोड सड़क 15 दिन में दरकी, 32.53 लाख की लागत पर उठे सवाल बरसात में क्या होगा हाल?



कवर्धा/सैगोना। मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत ग्राम सैगोना से चर्च झारिया समाज भवन तक करीब 500 मीटर लंबाई  सीसी सड़क का निर्माण 32 लाख 53 हजार रुपए की लागत से किया जा रहा है। लेकिन निर्माण के महज 15 दिनों के भीतर ही सड़क में दरारें पड़ने लगी हैं, जिससे गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बिना बारिश के ही सड़क जगह-जगह से फटने लगी है। ऐसे में बरसात के दौरान सड़क के और ज्यादा खराब होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क टिकाऊ नहीं बन पाई है।
निर्माण कार्य में साइड शोल्डर भी नहीं डाला गया है, जिससे सड़क की मजबूती और कम हो गई है और किनारों से टूटने का खतरा बढ़ गया है।
इस कार्य को लेकर आरोप हैं कि ठेकेदार, R K कन्सट्रक्शन जो वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य है और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के करीबी बताए जा रहे हैं, को लाभ पहुंचाने के चलते गुणवत्ता की अनदेखी की गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
अधिकारी का वर्शन
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के कार्यपालन अभियंता (EE) ने कहा—“SDO को दिखवाता हूं”, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों की मांग:
ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की भी बात कही है।
बड़ा सवाल:
32.53 लाख की लागत से बनी सड़क जब 15 दिन में ही दरकने लगे, तो बरसात में यह कितने दिन टिक पाएगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button