Blog

41 लाख 65 हजार की लागत से बनी सीसी रोड, नाली गायब: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विधानसभा में लापरवाही उजागर


कवर्धा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरेखा में विकास कार्यों की हकीकत सवालों के घेरे में है। मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत 41 लाख 65 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन नाली निर्माण अब तक नहीं किया गया है।
योजना के सूचना बोर्ड में “सीसी रोड सह नाली निर्माण” का स्पष्ट उल्लेख है, इसके बावजूद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बिना नाली के सड़क बनने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ेगी और सड़क की गुणवत्ता भी जल्द खराब हो सकती है।
इस मामले में जब कार्यपालन अभियंता और एसडीओ से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के बाद नाली का निर्माण कराया जाएगा। लेकिन मौके की स्थिति इसके विपरीत है। सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण के लिए पर्याप्त जगह ही नहीं बची है, जिससे विभाग के दावे पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने इसे विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि योजना के नियमों की अनदेखी कर कार्य पूरा कर दिया गया, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब उप मुख्यमंत्री के ही विधानसभा क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही सामने आ रही है, तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button