Blog

“जंगल से निकलेंगे अब शिक्षा के नए सितारे”  कोदवागोड़ान में ₹2.75 करोड़ के 100 सीटर छात्रावास का भूमिपूजन


पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम कोदवागोड़ान में शिक्षा और विकास को नई दिशा देने की पहल करते हुए विधायक भावना बोहरा ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत ₹2.75 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 सीटर बालक छात्रावास निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को अब पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। छात्रावास बनने से विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। इससे बच्चों का समय बचेगा और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाएंगे।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत आधार है और सरकार की प्राथमिकता है कि वनांचल क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी, आवास और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं अब तेजी से दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने बताया कि वनांचल क्षेत्र की बेटियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुई-कुकदुर महाविद्यालय के लिए आगामी सत्र से निःशुल्क बस सेवा भी शुरू की जाएगी, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, पीएम आवास, पेयजल योजना, आंगनबाड़ी भवन और बिजली विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button