रायपुर की घटना के बाद कवर्धा में भी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की जांच की मांग तेज, वाहन चालकों में बढ़ी चिंता

कवर्धा। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर कथित रूप से पानी मिले एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल भराए जाने से कई वाहनों के खराब होने का मामला सामने आने के बाद अब कबीरधाम जिले के वाहन चालकों में भी चिंता बढ़ गई है। रायपुर में वाहन मालिकों द्वारा पेट्रोल भरवाने के कुछ ही समय बाद गाड़ियां बंद होने, इंजन में खराबी आने और कुछ मामलों में इंजन सीज होने जैसी शिकायतों के बाद कवर्धा में भी पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जिले के वाहन चालकों का कहना है कि यदि पेट्रोल में पानी या अन्य अशुद्धियां मिल जाती हैं तो इससे लाखों रुपये कीमत के वाहनों के इंजन को भारी नुकसान हो सकता है। ऐसे में जिला प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा संबंधित तेल कंपनियों को तत्काल जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर विशेष जांच अभियान चलाकर पेट्रोल और डीजल के नमूने लेने चाहिए, ताकि आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके।
वाहन मालिकों का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता की नियमित जांच होना आवश्यक है। यदि किसी पेट्रोल पंप पर निर्धारित मानकों के विपरीत ईंधन की बिक्री होती है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों का यह भी कहना है कि समय-समय पर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, जिससे उपभोक्ताओं का भरोसा बना रहे।
जानकारों के अनुसार, पेट्रोल में पानी या अन्य अवांछित तत्व मिलने से इंजन के फ्यूल सिस्टम, इंजेक्टर, फ्यूल पंप और अन्य महत्वपूर्ण पार्ट्स को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में वाहन मालिकों को हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
फिलहाल कबीरधाम जिले में इस प्रकार की किसी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रायपुर की घटना के बाद वाहन चालकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एहतियात के तौर पर जिले के सभी पेट्रोल पंपों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और उपभोक्ताओं का विश्वास कायम रहे।




