Blog

तिमाही परीक्षा के प्रश्नपत्रों में त्रुटि को लेकर संयुक्त शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन कक्षा 1 से 8 तक प्रश्नपत्र सॉफ्ट कॉपी में भेजने पर जताई आपत्ति, त्रुटिरहित प्रश्नपत्र और मुद्रित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग


कवर्धा। तिमाही परीक्षा की व्यवस्था एवं प्रश्नपत्रों में सामने आई त्रुटियों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने विशेष रूप से कक्षा 1 से 8 तक के प्रश्नपत्रों को सॉफ्ट कॉपी के बजाय मुद्रित रूप में उपलब्ध कराने तथा आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को त्रुटिरहित तैयार करने की मांग रखी।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर द्वारा 30 जुलाई 2026 को जारी निर्देश के तहत 21 सितंबर से तिमाही परीक्षा आयोजित की जानी थी। निर्देश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक के प्रश्नपत्रों की छपाई कर विकासखंड स्तर से संकुलों तक पहुंचाने की व्यवस्था निर्धारित की गई थी। लेकिन कक्षा 1 से 8 तक के प्रश्नपत्र सॉफ्ट कॉपी के माध्यम से उपलब्ध कराए गए। वहीं, कुछ प्रश्नपत्रों में त्रुटियां सामने आने से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बजट के अभाव का हवाला, डीपीआई को भेजी जाएगी जानकारी

प्रश्नपत्रों की छपाई के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 1 से 8 तक के प्रश्नपत्रों की मुद्रित प्रतियां उपलब्ध कराने के लिए बजट के अभाव की जानकारी दी। साथ ही पूरे मामले से लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) को अवगत कराने की बात कही। प्रश्नपत्रों में सामने आई त्रुटियों को लेकर अधिकारी ने आगामी परीक्षाओं में विशेष सावधानी बरतने का आश्वासन दिया।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। ऐसे में प्रश्नपत्रों में त्रुटि या परीक्षा व्यवस्था को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच असमंजस की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों का वेतन नहीं रोकने की मांग

बैठक में अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों के वेतन रोके जाने से संबंधित मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने मांग रखी कि नियमानुसार अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों का वेतन नहीं रोका जाए। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अवकाशधारी शिक्षकों की जानकारी मंगाई जा रही है और नियमानुसार उनका वेतन नहीं रोका जाएगा।

एकल शिक्षक वाले स्कूल में शिक्षा दूत की पदस्थापना का आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक शाला बोराइकछार में शिक्षक के स्थानांतरण के बाद उत्पन्न एकल शिक्षक की स्थिति की जानकारी भी जिला शिक्षा अधिकारी को दी। संघ ने विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। इस पर अधिकारी ने विद्यालय में शिक्षा दूत की पदस्थापना किए जाने का आश्वासन दिया।

इसके अलावा उच्च परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों के आवेदन संबंधी प्रस्ताव संयुक्त संचालक कार्यालय भेजने सहित अन्य शिक्षक समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान संभाग अध्यक्ष एवं प्रभारी विनोद गुप्ता, जिलाध्यक्ष धनुक वर्मा, संभाग उपाध्यक्ष मार्कण्डेय साहू, महासचिव के.डी. वैष्णव, ब्लॉक अध्यक्ष महेश पाली सहित गणेश पटेल, राजू मेश्राम, कामता चन्द्रवंशी, लतीफ कुरैशी, मुरली झारिया, दिनेश चन्द्रवंशी, छोटे लाल पाटिल, गिरधर वर्मा, संतोष निषाद, अर्जुन लहरे, जिनेंद्र रत्नाकर, नितेन्द्र गजपाल, सुरेश वर्मा, टेकराम डड़सेना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button