सरोदा गार्डन में गंदगी का अंबार, मेंटेनेंस के नाम पर शून्य! नए साल में पर्यटकों को क्या मिलेगा घूमने के लिए

कवर्धा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सरोदा डैम से लगे सरोदा गार्डन की बदहाल तस्वीरें अब पर्यटन व्यवस्था और प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। गार्डन में जगह-जगह फैली गंदगी, बिखरी हुई प्लास्टिक और डिस्पोजल सामग्री तथा अव्यवस्थित परिसर देखकर ऐसा लगता है कि लंबे समय से साफ-सफाई और रखरखाव पर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है।
विडंबना यह है कि एक ओर पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को आकर्षित करने की बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी ओर सरोदा गार्डन की जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। परिसर में लगे डस्टबिन के आसपास ही कचरा बिखरा पड़ा है। घूमने के लिए बनाए गए रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में भी गंदगी नजर आ रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर गार्डन के रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी है?
नए साल में पर्यटकों को क्या मिलेगा?
नया साल नजदीक है। ऐसे में बड़ी संख्या में पर्यटकों के सरोदा डैम और गार्डन पहुंचने की संभावना रहती है। परिवार और बच्चे यहां घूमने तथा प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति देखकर सवाल उठता है कि क्या इसी बदहाल व्यवस्था के बीच पर्यटकों का स्वागत किया जाएगा? यदि समय रहते साफ-सफाई और मरम्मत नहीं हुई तो पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ सकता है।
गृह मंत्री के जिले में पर्यटन स्थल की ऐसी दुर्दशा!
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कबीरधाम से जुड़े इस प्रमुख पर्यटन क्षेत्र की ऐसी स्थिति प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करती है। आखिर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं? क्या पर्यटन स्थलों का रखरखाव केवल कागजों और दावों तक ही सीमित रह गया है?
पर्यटकों की मांग तत्काल हो सफाई और व्यवस्था में सुधार
पर्यटन स्थल की सुंदरता बनाए रखने के लिए नियमित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, रास्तों की मरम्मत और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बेहतर रखरखाव जरूरी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस बदहाल तस्वीर को गंभीरता से लेते हैं या नए साल में भी पर्यटकों को इसी गंदगी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ेगा।
सवाल यही है सरोदा गार्डन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के दावे कब धरातल पर उतरेंगे?




