Blog

स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस सतर्क, 35 स्कूल वाहनों की हुई जांच


ब्रेथ एनालाइजर से चालकों और परिचालकों का परीक्षण, जांच में कोई भी नशे की हालत में नहीं मिला

कबीरधाम। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कबीरधाम यातायात पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान केंद्रीय विद्यालय सहित जिले के विभिन्न स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत कुल 35 वाहनों के चालकों एवं परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर मशीन से परीक्षण किया गया। इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि बच्चों को स्कूल पहुंचाने और घर वापस लाने की जिम्मेदारी निभाने वाले चालक पूरी तरह सुरक्षित एवं सामान्य अवस्था में वाहन का संचालन करें।
अच्छी बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी वाहन का चालक अथवा परिचालक शराब या अन्य नशे की हालत में नहीं पाया गया। इससे स्कूल वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर सकारात्मक स्थिति सामने आई।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश में की गई। यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम ने स्कूल वाहनों की जांच करते हुए चालकों और परिचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश दी कि बच्चों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें, निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल बसों की आकस्मिक जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
अभिभावकों से भी सहयोग की अपील
कबीरधाम यातायात पुलिस ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की व्यवस्था पर नजर रखें। यदि किसी वाहन चालक द्वारा लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल यातायात पुलिस को सूचित करें।
बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस या स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात पुलिस की यह पहल सुरक्षित स्कूली परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button