सरकारी व्यवस्था पर सवाल! छात्रावासों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को महीनों से वेतन और श्रम सम्मान राशि का इंतजार, परिवारों पर आर्थिक संकट

कबीरधाम में चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ की बैठक में छलका कर्मचारियों का दर्द, आखिर कब जागेगा शासन-प्रशासन
कवर्धा। छत्तीसगढ़ सरकार एक ओर कर्मचारियों के हितों और कल्याणकारी योजनाओं की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी विकास विभाग के छात्रावासों एवं आश्रमों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी महीनों से अपनी मेहनत की कमाई के लिए इंतजार करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों को पिछले कुछ महीनों की श्रम सम्मान राशि और नियमित वेतन का भुगतान नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि जिन कर्मचारियों के भरोसे छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाएं संचालित हो रही हैं, जब उन्हीं को समय पर वेतन नहीं मिलेगा तो उनके परिवारों का भरण-पोषण कैसे होगा?
रविवार, 22 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ (पंजीयन क्रमांक 6472) जिला शाखा कबीरधाम के तत्वावधान में कर्मचारी भवन कवर्धा में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के चारों विकासखंडों कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया एवं सहसपुर लोहारा से पहुंचे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। कर्मचारियों का कहना था कि लगातार वेतन और श्रम सम्मान राशि लंबित रहने से उनके सामने गंभीर आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कर्मचारी नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, तो उन्हें उनकी मेहनत का भुगतान समय पर क्यों नहीं मिल रहा है? क्या शासन-प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को इन कर्मचारियों के परिवारों की आर्थिक परेशानियों का अहसास नहीं है? महंगाई के इस दौर में घर का किराया, बच्चों की पढ़ाई, राशन और अन्य जरूरी खर्चों का सामना करना पहले ही मुश्किल है, ऐसे में महीनों तक वेतन रोकना कर्मचारियों के लिए दोहरी मार साबित हो रहा है।
बैठक में संगठन ने शासन-प्रशासन से लंबित श्रम सम्मान राशि एवं वेतन का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई। लेकिन अब देखने वाली बात यह होगी कि कर्मचारियों की इस मांग पर जिम्मेदार अधिकारी कब तक संज्ञान लेते हैं, या फिर हर बार की तरह कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन देकर उनकी समस्याओं को टाल दिया जाएगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष कोमल कुमार साहू, उपाध्यक्ष नरेंद्र तिवारी, सचिव विपिन पाली, कोषाध्यक्ष मोहन दास मोहले, मीडिया प्रभारी रोहित कुमार श्रीवास सहित आशीष कुमार गुप्ता, कमलेश बंजारे, शिवकुमार कोठारी, राकेश बघेल, गणेश डहरिया, अवतार सिंह, शगुन सिंह, सुलोचना सोनी, सहोदरा पाली एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
अब सवाल सरकार और विभागीय जिम्मेदारों से है: आखिर कर्मचारियों को अपने ही वेतन और श्रम सम्मान की राशि के लिए बार-बार संगठन की बैठकें क्यों करनी पड़ रही हैं क्या कर्मचारियों को समय पर मेहनताना देना शासन की जिम्मेदारी नहीं है? अब कर्मचारियों को आश्वासन नहीं, बल्कि उनके खाते में लंबित राशि का भुगतान चाहिए।




