वनांचल की तस्वीर बदलने की ओर बड़ा कदम : सेंदुरखार से विकास की नई शुरुआत

कवर्धा, पंडरिया। भावना बोहरा ने वनांचल क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए ग्राम सेंदुरखार में 1 करोड़ 57 लाख 15 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान सीसी रोड, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच और 5 नए तालाब निर्माण कार्यों की सौगात ग्रामीणों को मिली, जिससे क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना है और वनांचल क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं पर तेजी से काम हो रहा है, जिसका सीधा लाभ ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों को मिल रहा है।
कार्यक्रम में मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण के तहत कई ग्रामों में सीसी रोड, सामुदायिक भवन और सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। वहीं मनरेगा अंतर्गत विभिन्न गांवों में नए तालाब निर्माण कार्य शुरू होने से जल संरक्षण और किसानों को भी राहत मिलेगी।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत वनांचल क्षेत्रों में पक्की सड़क, पुल-पुलिया, पीएम आवास, बिजली और नल जल योजनाओं के माध्यम से तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। साथ ही कुई-कुकदुर महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए आगामी सत्र से निःशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र अब उपेक्षा नहीं, बल्कि विकास और सुविधाओं की नई पहचान बन रहा है। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




