राज्य कर्मचारी संघ के प्रांतीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री ने की 3% महंगाई भत्ता बढ़ोतरी की घोषणा

रायपुर। राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ का आठवां प्रांतीय अधिवेशन रोहानीपुरम, रायपुर में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अधिवेशन के दौरान राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण तिवारी द्वारा कर्मचारियों की छः सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें प्रमुख मांग केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (डीए) प्रदान किए जाने की थी। इस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के हित में 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ोतरी की घोषणा की।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के पश्चात अब छत्तीसगढ़ के समस्त शासकीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता का लाभ मिलेगा, जिससे कर्मचारियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में जिला कबीरधाम से राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष रविकांत आमदे, स्वास्थ्य विभाग से हरिराम साहू, छत्तीसगढ़ लघु वेतन चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष कोमल कुमार साहू, अधीक्षक संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी कमलेश बंजारे, धर्मेंद्र पटेल, अनिल कौशिक एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
महंगाई भत्ता बढ़ोतरी की इस घोषणा पर राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए इसे कर्मचारी हित में ऐतिहासिक निर्णय बताया।




