Blog

राष्ट्रीय जूनियर कराते में कबीरधाम का शानदार प्रदर्शन दिव्यांशी ने जीता रजत, वीरेंद्र के खाते में कांस्य पदक


कवर्धा। देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एवं सब जूनियर कराते प्रतियोगिता में कबीरधाम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। छत्तीसगढ़ की 95 सदस्यीय टीम ने मुख्य कोच आकाश सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें कबीरधाम के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
जूनियर वर्ग में दिव्यांशी कुसरो ने 47 किलोग्राम से कम वजन वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। दिव्यांशी ने पहले दौर में कर्नाटक को 8-0, दूसरे दौर में अरुणाचल प्रदेश को 8-5, क्वार्टर फाइनल में हरियाणा को 6-5 और सेमीफाइनल में केरल को 8-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में पश्चिम बंगाल की खिलाड़ी से महज तीन अंकों के अंतर से हारने के बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया।
वहीं, 11 वर्ष आयु वर्ग के 35 किलोग्राम से कम वजन वर्ग में वीरेंद्र कुशरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। उन्होंने ओडिशा को 8-1, आंध्र प्रदेश को 8-0 और असम को 8-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में झारखंड के खिलाड़ी से 1-4 से मुकाबला हारने के बाद उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम ने कुल 1 स्वर्ण, 2 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। कबीरधाम के सुधांशु चंद्रवंशी, वैभव साहू, आंशिका चंद्रवंशी, अदिति मानिकपुरी और दुर्गेश कुशरे ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सभी खिलाड़ी पुलिस विभाग के आरक्षक एवं कराते प्रशिक्षक आकाश सिंह राजपूत के निर्देशन में करपात्री स्कूल में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला कराते संघ के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पन्ना चंद्रवंशी, संघ के पदाधिकारियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button