48 घंटे में डकैती का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 11.9 किलो चांदी के जेवरात बरामद

100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कवर्धा। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सराफा व्यवसायी के साथ हुई डकैती की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास डकैती की वारदात हुई थी। आरोपियों ने मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की और उनके पास रखे सामान एवं जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना पर तरेगांव जंगल थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
100 से अधिक CCTV फुटेज की जांच
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया। घटनास्थल और आसपास के रास्तों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। वहीं आसपास के 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।
पुलिस ने निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
दो मोटरसाइकिल से पहुंचे थे वारदात को अंजाम देने
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी घटना वाले दिन पंडरिया की देशी शराब दुकान के सामने एकत्रित हुए थे। इसके बाद दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे और बाजार में रहकर सराफा व्यवसायी की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। मौका मिलते ही उन्होंने व्यवसायी का पीछा किया और घाटी के पास रास्ता रोककर मारपीट करते हुए जेवरात लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी लूटे गए जेवरात लेकर मुंगेली पहुंचे और वहां आपस में बंटवारा कर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया। इसके बाद जेवरात बेचने के लिए बिलासपुर जाने की योजना बना रहे थे।
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे के रूप में की है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कबीरधाम पुलिस ने सराफा व्यापारियों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, कीमती जेवरात सुरक्षित रखने और उनके परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।




