Blog

सड़क हादसे में घायल को अकेला छोड़ना पड़ सकता है भारी, मददगार को मिलेंगे ₹25 हजार; जीवन बचाने आगे आएं नागरिक

गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाना हो सकता है जिंदगी और मौत के बीच का फैसला, कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिलेवासियों से की अपील
राह-वीर योजना से बढ़ेगा मदद का हौसला, घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले पात्र नागरिक को मिलेगा प्रोत्साहन और प्रशस्ति प्रमाण पत्र
कवर्धा, सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करतीं, बल्कि कई बार पूरे परिवार की खुशियां छीन लेती हैं। हादसे के बाद सड़क पर घायल पड़े व्यक्ति को देखकर लोग अक्सर पुलिस कार्रवाई, कानूनी प्रक्रिया और अन्य परेशानियों के डर से मदद करने से पीछे हट जाते हैं। लेकिन किसी घायल व्यक्ति के लिए यही कुछ मिनट उसकी जिंदगी बचाने में सबसे महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। ऐसे में अब आम नागरिकों को घायलों की मदद के लिए प्रोत्साहित करने भारत सरकार की राह-वीर योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले पात्र मददगार को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति प्रमाण पत्र देने का प्रावधान है।
कबीरधाम जिले में सड़क सुरक्षा और मानवीय संवेदनशीलता को लेकर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिले के नागरिकों से विशेष अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को देखकर अनदेखा न करें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना हम सभी की सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है। कई बार दुर्घटना में घायल व्यक्ति समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण गंभीर स्थिति में पहुंच जाता है, जबकि थोड़ी सी तत्परता और सहायता से उसकी जान बचाई जा सकती है।
गोल्डन ऑवर में इलाज मिला तो बच सकती है जान
चिकित्सा की दृष्टि से सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसे गोल्डन ऑवर कहा जाता है। इस अवधि में घायल व्यक्ति को अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाना और उचित उपचार उपलब्ध कराना बेहद जरूरी होता है। दुर्घटना के बाद अत्यधिक रक्तस्राव, गंभीर चोट या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर इलाज नहीं मिलने से घायल की स्थिति बिगड़ सकती है। इसलिए दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोगों को बिना समय गंवाए आपातकालीन सहायता बुलाने और घायल को चिकित्सा सुविधा दिलाने में सहयोग करना चाहिए।
मददगार को 25 हजार रुपये, मिलेगा सम्मान भी
भारत सरकार की राह-वीर योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों की मदद के लिए आम नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत पात्र व्यक्ति द्वारा गंभीर रूप से घायल पीड़ित को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल अथवा ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने पर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इससे उन लोगों को प्रोत्साहन मिलेगा, जो बिना किसी स्वार्थ के दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आते हैं। योजना में मददगार नागरिकों को नियमानुसार कानूनी संरक्षण भी दिया गया है, ताकि पुलिस या कानूनी प्रक्रिया के भय से कोई व्यक्ति घायलों की मदद करने से पीछे न हटे।
112 नंबर पर दें सूचना, समय पर बुलाएं एंबुलेंस
दुर्घटना की स्थिति में सबसे पहले आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें, ताकि एंबुलेंस और आवश्यक सहायता जल्द से जल्द पहुंच सके। यदि कोई व्यक्ति घायल की मदद के लिए आगे आता है तो उसे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए सहायता करनी चाहिए और चिकित्सा कर्मियों के पहुंचने तक आवश्यक सहयोग देना चाहिए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अनावश्यक रूप से हिलाने-डुलाने से बचना चाहिए तथा प्रशिक्षित चिकित्सा सहायता मिलने तक सावधानी बरतनी चाहिए।
कलेक्टर की अपील, इंसानियत दिखाने से पीछे न हटें नागरिक
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, वाहन चालकों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि किसी की जिंदगी बचाने से बड़ा कोई मानवीय कार्य नहीं हो सकता। सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना केवल सहायता नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

अब जरूरत इस बात की है कि सड़क पर दुर्घटना होने पर लोग तमाशबीन बनकर वीडियो बनाने या भीड़ लगाने के बजाय मदद के लिए आगे आएं। क्योंकि हादसे के बाद घायल व्यक्ति और उसके परिवार के लिए हर पल महत्वपूर्ण होता है। आपकी एक छोटी सी पहल किसी मां की गोद सूनी होने से बचा सकती है, किसी बच्चे के सिर से पिता का साया उठने से रोक सकती है और किसी परिवार की खुशियां वापस लौटा सकती है।

याद रखें, सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना केवल इंसानियत नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। राह-वीर बनिए, किसी की जिंदगी बचाइए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button