Blog

नगर पालिका की बदहाल व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस का हल्ला-बोल, कार्यालय का किया घेराव


कवर्धा, नगर पालिका कवर्धा की बदहाल व्यवस्था, कथित भ्रष्टाचार, साफ-सफाई की स्थिति और आमजन से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी कवर्धा के अध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित कर नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर जमकर नारेबाजी की और जनसमस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग उठाई।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, शहर कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं जिलेभर से पहुंचे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से विभिन्न जनसमस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इनके निराकरण को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, कचरा प्रबंधन सहित नगर से जुड़ी अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर आम नागरिक लगातार परेशान हैं और शिकायतों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली और विभिन्न कार्यों में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि नगर पालिका में होने वाले विकास कार्यों, निर्माण कार्यों और जनहित से जुड़े कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। नगर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाती रहेगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि नगरहित और आम जनता की समस्याओं को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होता, कांग्रेस जनता के साथ मिलकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय का घेराव करते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के समक्ष आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के चलते नगर पालिका परिसर और आसपास के क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि नगर की समस्याओं के समाधान और उठाए गए मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। पार्टी ने कहा कि कवर्धा शहर के विकास, पारदर्शी व्यवस्था और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button