भाजपा महिला आरक्षण पर फैला रही भ्रम, लागू करने में कर रही देरी – कांग्रेस का आरोप

कवर्धा:जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेस भवन कवर्धा में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का गंभीर आरोप लगाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा यह झूठा प्रचार कर रही है कि महिला आरक्षण बिल का कांग्रेस ने विरोध किया था, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल संसद के दोनों सदनों से पारित होकर राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद कानून बन चुका है, लेकिन भाजपा सरकार जानबूझकर इसे लागू करने में देरी कर रही है। नेताओं का कहना है कि भाजपा परिसीमन का बहाना बनाकर महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित कर रही है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने मांग की कि महिला आरक्षण को वर्तमान सीटों पर ही तुरंत लागू किया जाए, ताकि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की नीयत साफ नहीं है और वह सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे को टाल रही है।
इस दौरान पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, विकास केसरी, तुकाराम चंद्रवंशी, कलीम खान, विरु जांगड़े, आकाश केसरवानी, गोपाल चंद्रवंशी, रवि चंद्रवंशी एवं महिला जिला अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




