सुशासन तिहार में जनता के बीच पहुंचीं विधायक भावना बोहरा, समाधान शिविर में सुनी समस्याएं

कवर्धा, पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रणवीरपुर और घुटुरकुण्डी में आयोजित समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, ट्राइसिकल, चेक एवं प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहा “सुशासन तिहार” शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में सड़कों, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई बड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। वनांचल क्षेत्रों सहित ग्रामीण इलाकों में अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना, पीएम आवास योजना और पीएम जनमन योजना जैसी योजनाओं से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। विधायक ने कहा कि जनसेवा और पारदर्शी प्रशासन ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है तथा सुशासन तिहार इसी संकल्प को मजबूत करने का अभियान है।




