Blog

घोटिया रोड से लालपुर रोड तक खतरनाक ब्रेकर: आम जनता की मुसीबत बनी सड़कें


कवर्धा। शहर के घोटिया रोड से न्यू बस स्टैंड जाने वाले मार्ग के साथ-साथ लालपुर रोड पर भी अवैज्ञानिक तरीके से बनाए गए बड़े-बड़े स्पीड ब्रेकर अब लोगों के लिए आफत बन गए हैं। रोजाना लोग इन ब्रेकरों से जूझने को मजबूर हैं।
घोटिया रोड पर जहां ऊंचे और बिना संकेत वाले ब्रेकर वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं, वहीं लालपुर रोड पर विधायक भावना बोहरा के निवास के सामने बने ब्रेकर ने आज एक व्यक्ति को गिरा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक आए ऊंचे ब्रेकर से बाइक सवार असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे चोट भी आई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन ब्रेकरों की ऊंचाई और डिजाइन पूरी तरह गलत है। न तो इन पर सफेद पट्टी या रिफ्लेक्टर लगाया गया है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड, जिससे वाहन चालकों को पहले से जानकारी मिल सके।
रात के समय स्थिति और ज्यादा गंभीर हो जाती है, जब ये ब्रेकर दिखाई तक नहीं देते और हादसे का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
इस पूरे मामले में नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बिना किसी तकनीकी मापदंड के ऐसे ब्रेकर बनाना सीधे-सीधे जनता की जान से खिलवाड़ है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन ब्रेकरों को मानक अनुसार सुधारा जाए और उचित संकेतक लगाए जाएं, ताकि आगे किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button