Blog

नगर पालिका का पहला बजट ही फैल, अब दूसरे बजट में लोगों के लिए कुछ नहीं- दीपक ठाकुर


कवर्धा।  नगर पालिका का दूसरा बजट भी सवालों के घेरे में, विकास कार्यों पर उठे गंभीर सवाल नगर पालिका के बजट को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। पिछले वर्ष बड़े-बड़े दावों और करोड़ों रुपये के प्रावधानों के साथ पेश किया गया पहला बजट अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका, और अब दूसरे बजट को लेकर भी जनता में निराशा का माहौल देखने को मिल रहा है। कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 08 के पूर्व पार्षद प्रत्याशी दीपक ठाकुर ने नगर पालिका के दोनों बजटों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “जनता को गुमराह करने वाला” बताया है।
दीपक ठाकुर का आरोप है कि पिछले बजट में शहर के विकास और विश्वास का दावा करते हुए कई बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नजर नहीं आया।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि वार्ड क्रमांक 08 के शंकर नगर में परशुराम चौक से गंगानगर होते हुए तालाब तक गौरव पथ निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, जो आज तक अधूरा है। इसी तरह कैलाश नगर वार्ड क्रमांक 02 से जेवडन मार्ग तक गौरव पथ निर्माण की योजना शुरू भी नही हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के विभिन्न तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए 6 करोड़ रुपये का बजट रखा गया था, लेकिन एक भी तालाब का काम शुरू नहीं हो सका। इससे साफ है कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं। दीपक ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह सब सिर्फ जनता को लुभाने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए किया गया। वर्तमान में पेश किए गए दूसरे बजट पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें भी आम जनता की मूलभूत समस्याओं जैसे ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, बाजार क्षेत्र की अव्यवस्था, नालियों और सड़कों के सुधार जैसे मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में शहर के चारों दिशाओं में प्रवेश द्वार बनाने के लिए 2 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, लेकिन वह योजना भी अधूरी रह गई। दीपक ठाकुर ने नगर पालिका अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार वादे किए जा रहे हैं, लेकिन उनका क्रियान्वयन नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि दूसरा बजट भी पहले की तरह असफल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button