Blog

बाजार चारभाटा में कुंभकार समाज का भव्य जिला वार्षिक अधिवेशन संपन्न, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की 20 लाख की घोषणा


कलश यात्रा के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत, समाज की एकता और विकास पर जोर
कवर्धा,बाजार चारभाटा। स. लोहारा ब्लॉक के बाजार चारभाटा में कुंभकार समाज का जिला वार्षिक अधिवेशन बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उनके साथ पंडरिया विधायक भावना बोहरा, छत्तीसगढ़ कुंभकार प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार चक्रधारी, प्रदेश महामंत्री हेमलाल कुंभकार  विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंभकार समाज के जिला अध्यक्ष सुदर्शन कुंभकार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें समाज की महिलाओं और युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। कलश यात्रा के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया और समाज के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ सभी नेताओं एवं अतिथियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।
अधिवेशन में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, बाजार चारभाटा के सरपंच व केंद्र सरपंच शिवम कुंभकार, प्रदेश कोषाध्यक्ष जय प्रकाश कुंभकार, प्रदेश युवा प्रकोष्ठ उपमहामंत्री ऋषिकांत कुंभकार, रायपुर जिला अध्यक्ष भूषण कुंभकार, समाज के संरक्षक भोला राम प्रजापति, प्रदेश सदस्य लक्ष्मण कुंभकार सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कुंभकार समाज की पहचान मिट्टी के शिल्प और परंपरा से जुड़ी हुई है, जिसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने मंच से मिट्टी के आधुनिक उत्पाद जैसे फ्रिज मिट्टी से बने ठंडा रखने वाले उपकरण तैयार करने के लिए समाज को प्रेरित किया, ताकि पारंपरिक कला के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी बढ़ सकें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने समाज के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने बाजार चारभाटा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा बचेड़ी में मंच भवन एवं बोर निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा से समाज के लोगों में खुशी की लहर देखी गई।
अधिवेशन में समाज की एकता, शिक्षा, युवा नेतृत्व और सामाजिक विकास को लेकर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी एकता और सहयोग सबसे जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया और समाज के विकास के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति से अधिवेशन ऐतिहासिक और सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button