Blog

पंडरिया को मिली शिक्षा की नई पहचान, 4.41 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक नालंदा परिसर


पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। नगर में 250 सीटर अत्याधुनिक नालंदा परिसर लाइब्रेरी के निर्माण हेतु 4 करोड़ 41 लाख 49 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा।
नालंदा परिसर में आधुनिक पुस्तकालय, डिजिटल अध्ययन संसाधन, वाई-फाई सुविधा, समाचार-पत्र एवं शांत अध्ययन कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़े शहरों की तरह अध्ययन का माहौल अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगा।
पंडरिया विधायक Bhawna Bohra ने इसे क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह परिसर केवल एक भवन नहीं बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का केंद्र बनेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में पहले से संचालित निःशुल्क बस सेवा और लक्ष्य कोचिंग जैसी योजनाओं का लाभ सैकड़ों छात्र-छात्राओं को मिल रहा है। अब नालंदा परिसर बनने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को और अधिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।
शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल पंडरिया को एक नई पहचान देने के साथ-साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी। क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे भविष्य निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button