नवीन बाजार एवं सब्जी मार्केट में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाने विशेष अभियान चलाया गया

कवर्धा, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल तथा अमित पटेल के मार्गदर्शन में आज नवीन बाजार एवं सब्जी मार्केट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी ने स्वयं अपने यातायात स्टाफ के साथ मौके पर उपस्थित रहकर बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को हटवाया। सड़क पर अतिक्रमण एवं अवरोध उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों को समझाइश दी गई तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा बाजार में आने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने की सलाह दी गई, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्राहकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही ई-रिक्शा, ऑटो एवं अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को भी निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने एवं यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
यातायात प्रभारी अजयकांत तिवारी ने आमजन से अपील की कि बाजार क्षेत्र में अनावश्यक रूप से सड़क पर वाहन खड़े न करें, निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करते हुए नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।



