भोरमदेव सफारी उद्घाटन विवादों में आमंत्रण कार्ड से पंडरिया विधायक का नाम गायब, पत्रकारों को भी अनदेखी

कवर्धा: भोरमदेव जंगल सफारी के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर वन विभाग की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब विवाद और गहरा गया है क्योंकि जारी किए गए आधिकारिक आमंत्रण कार्ड में पंडरिया विधानसभा के विधायक का नाम ही गायब है।
स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि जब कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों को स्थान दिया गया है, तो पंडरिया विधायक को आखिर किस आधार पर नजरअंदाज किया गया। इसे क्षेत्र की उपेक्षा और जनप्रतिनिधि के अपमान के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, मीडिया को लेकर भी वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। कई पत्रकारों को बिना नाम के आमंत्रण भेजे जा रहे हैं, जबकि कई को सिर्फ व्हाट्सएप मैसेज के जरिए सूचना देकर औपचारिकता पूरी की जा रही है। इससे पत्रकारों में भी नाराजगी का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, आमंत्रण सूची तैयार करने में वनमंडल स्तर पर गंभीर लापरवाही हुई है या फिर जानबूझकर कुछ नामों को हटाया गया है। हालांकि, विभाग की ओर से अब तक इस पूरे मामले पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है।
अब मांग उठ रही है कि इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही और पक्षपात दोहराया न जाए।



