गांव की चौपाल में पहुंची पुलिस, सुनी ग्रामीणों की बात रोहा और भगतपुर में जन चौपाल-चलित थाना, साइबर ठगी से लेकर नशे और यातायात नियमों पर हुई चर्चा

कवर्धा/पंडरिया/सहसपुर लोहारा। पुलिस और ग्रामीणों के बीच दूरी कम करने की पहल अब गांवों तक पहुंच रही है। कबीरधाम पुलिस की टीम ने रोहा और भगतपुर गांव में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद किया। कहीं ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याएं रखीं तो कहीं साइबर ठगी, नशे और यातायात नियमों को लेकर पुलिस ने जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में पुलिस की पहुंच बढ़ाने के साथ लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देना रहा।
रोहा में ग्रामीणों से आमने-सामने संवाद
थाना पंडरिया पुलिस ने ग्राम रोहा में पुलिस जन चौपाल लगाई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा की मौजूदगी में ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं। इनमें कुछ मामले पुलिस से इतर प्रशासनिक विभागों से जुड़े होने की बात सामने आई। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित विभागों तक जानकारी पहुंचाने और आवश्यक समन्वय का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
भगतपुर में लगा चलित थाना, बासीनझोरी के ग्रामीण भी पहुंचे
दूसरी ओर थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने ग्राम भगतपुर में चलित थाना लगाया। इसमें भगतपुर के साथ बासीनझोरी के ग्रामीण भी शामिल हुए।
यहां चर्चा का प्रमुख विषय साइबर अपराध रहा। पुलिस ने ग्रामीणों को अनजान लिंक से दूरी बनाए रखने, संदिग्ध फोन कॉल पर बैंक अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी।
नशे और अवैध शराब को लेकर भी समझाइश
चलित थाना के दौरान नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव और अवैध शराब बिक्री से होने वाले सामाजिक नुकसान को लेकर भी ग्रामीणों से चर्चा की गई। पुलिस ने कहा कि गांव में अवैध शराब या नशीले पदार्थों से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाई जाए।
हेलमेट से लेकर मोबाइल तक… सड़क सुरक्षा पर भी जोर
ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब या नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी।
कबीरधाम पुलिस का यह अभियान केवल थाने तक सीमित पुलिसिंग के बजाय गांवों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करने पर केंद्रित नजर आया। जन चौपाल और चलित थाना के जरिए पुलिस ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ उन्हें साइबर अपराध, नशे और सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जागरूक कर रही है।



